बेटी ने जान दी तो मायके वालों ने ससुराल में आग लगाई, सास ससुर की मौत

 19 Mar 2024  461

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
यूपी में प्रयागराज के मुट्ठीगंज क्षेत्र में हत्या और आत्महत्या के आरोप को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच झगड़े के दौरान मकान में आग लगा दी गई। आग से घिरे मकान में से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जबकि एक महिला सहित दो लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त (नगर) दीपक भूकर ने आज बताया कि मुट्ठीगंज थाने पर सोमवार रात 11 बजे सूचना मिली कि अंशिका केसरवानी (27) नामक एक महिला ने अपने सुसराल में आत्महत्या कर ली है। मौके पर ससुराल और मायका पक्ष के मौजूद लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान मायके पक्ष के लोगों द्वारा ससुराल पक्ष के मकान में आग लगा दी गई। पुलिस ने घर के अंदर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया जबकि दो लोगों की जलकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे मकान की तलाशी के दौरान दो लोगों के जले हुए शव बरामद हुए। उन्होंने बताया कि दोनों की शिनाख्त लड़की के ससुर राजेंद्र केसरवानी और सास शोभा देवी के रूप में की गई। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भिजवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा इसमें मौके का निरीक्षण किया गया। फिलहाल आगे की जांच में पुलिस जुट गई है।