उत्तराखंड में गुरुद्वारा के कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या

 28 Mar 2024  35

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज सुबह उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की अज्ञात हमलावारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरी तराई में सनसनी फैल गई है। लोगों में घटना को लेकर रोष बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, घटना आज सुबह साढ़े छह बजे से सात बजे के बीच डेरा के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि दो हत्यारे बाइक में आए और बाबा तरसेम सिंह को पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। इस बीच हत्यारे फरार हो गए। समर्थक कार सेवा प्रमुख को तत्काल खटीमा के एक निजी अस्पताल ले गये, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद समर्थकों और लोगों में रोष है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उधमसिंह नगर जिले की पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। एसएसपी मंजूनाथ टीसी दल बल के साथ खुद मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। हत्यारों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से हत्यारों की तलाश कर रही है। कांग्रेस नेता यशपाल आर्य ने इस घटना की निंदा करते हुए भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में डेरा प्रमुख भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह कार सेवा प्रमुख की हत्या नहीं कानून व्यवस्था की हत्या है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था एकदम ध्वस्त हो गई है। अपराधियों का स्वर्णिम काल चल रहा है। बता दें कि पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।