पत्नी और तीन नाबालिग बेटियों की धारदार हथियार से हत्या, पति फरार

 29 Mar 2024  299

संवाददाता/in24 न्यूज़.
घरेलू विवाद कई बार जानलेवा साबित हो जाता है। एक ऐसा ही मामला बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर से सामने आया है। यहां एक महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियों की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप महिला के पति पर लगा है। वह मौके से फरार है। पुलिस के मुताबिक, बावरिया गांव में आज सुबह ग्रामीणों की सूचना पर एक घर से एक महिला और तीन बच्चियों का शव बरामद किया गया। सभी की धारदार हथियार से काटकर हत्या की गई है। पुलिस उपाधीक्षक रंजन कुमार के मुताबिक, हत्या के बाद मृतक महिला का पति घर से फरार है। मृतक बच्चियों की उम्र नौ से 14 वर्ष के बीच है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना का कारण पारिवारिक विवाद प्रतीत हो रहा है। इससे पहले भी आरोपी अपनी पत्नी व बच्चों की हत्या की कोशिश कर चुका था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई है।