पत्नी और बेटी की हत्या के बाद शख्स ने फांसी लगाकर जान दी

 06 Apr 2024  486

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पारिवारिक विवाद कई बार सबकुछ खत्म कर देता है। राजधानी दिल्ली के निहाल विहार इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां 42 वर्षीय एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी और इसके बाद अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया। फिर उस शख्स ने पंखे पर लटक कर अपनी जान दे दी। इन सभी के शव के बारे में इनके बेटे के जरिए पता चला, जो काम के बाद अपने घर लौटा था। मृतक की पहचान अजय, टीना (38) और वर्षा के रूप में हुई। यह सभी निहाल विहार के गली नंबर 5 में रहते थे। इस जानकारी को साझा करते हुए पुलिस ने कहा कि शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे पीसीआर को कॉल के जरिए इस घटना के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस को अजय पंखे से लटकता हुआ मिला। उसका शव लहूलुहान अवस्था में दिखा। टीना और वर्षा का शव बेड पर पड़ा हुआ था। दोनों का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ था, जिसे देखकर ऐसा लग रहा था कि हमलावर ने उन्हें चाकू मारकर मौत के घाट उतारा है। वहीं, उनका रूम भी अंदर से बंद पड़ा हुआ था। पुलिस उपायुक्त (बाहरी) जिमी चिरम ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। मृतक अजय हलवाई का काम करता था, जिसका 22 वर्षीय बेटा कुशल है, जो कि इलेक्ट्रिशियन है। कुशल काम से वापस लौटा तो उसने अपने परिवार के सभी सदस्यों के शव लहूलुहान अवस्था में पड़े हुए देखे। डीसीपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अजय ने ही अपनी पत्नी और बेटी की हत्या किसी धारदार हथियार से की। इसके बाद उसने खुदकुशी कर ली। डीसीपी ने कहा, इस पूरे मामले में आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।