झोपड़ी में आग लगने से सो रहे तीन मासूम बच्चों की ज़िंदा जलकर मौत

 14 Apr 2024  380

संवाददाता/in24 न्यूज़.
छत्तीसगढ़ से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां अंबिकापुर के मैनपाट में देर रात एक घर में आग लगने से तीन मासूम बच्चे जिंदा जल गए हैं। जानकारी के मुताबिक, जिस वक्त यह घटना घटी उस समय बच्चों के पिता और उसकी मां घर पर मौजूद नहीं थे। वही इस पूरी घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। यह पूरा मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। यह घटना मैनपाट क्षेत्र के बरिमा की बताई जा रही है। जहां बीती रात एक घर में आग लगने से अंदर सो रहे तीन मासूम बच्चों की जलकर मौत हो गई है। इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल आग किन कारणों से लगी है यह पता नहीं चल सका है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घर में जल रही चिमनी की वजह से झोपड़ी में आग लगी होगी। गौरतलब है कि यह पीड़ित परिवार माझी जनजाति समाज का बताया जा रहा है। आग लगने की घटना के बाद पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक,  बरिमा में मांझी बस्ती है। यहां देव प्रसाद और सुधनी मांझी झोपड़ी में रहते थे। बताया जा रहा है कि बच्चों का पिता देव प्रसाद पुणे में काम करता है, और इस वक्त भी पुणे में है। घर पर देव की पत्नी सुगनी, उनकी दो बेटियां आठ वर्षीया कुमारी गुलाबी, कुमारी सुषमा और एक लड़का दो वर्षीय रामप्रसाद के साथ रह रहे थे। जिस वक्त आगजनी की घटना हुई वह रात ढाई बजे से तीन बजे के बीच का बताया जा रहा है। फिलहाल आग कैसे लगी अभी तक इसके कारण का पता‌ नहीं चल पाया है।