इसरो ने नेविगेशन सैटेलाइट को किया लॉन्च

 29 May 2023  551

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के नाम एक और सफलता दर्ज हो गई है। दरअसल, इसरो ने सोमवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा (Sriharikota) में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से भूस्थिर उपग्रह प्रक्षेपण यान (GSLV) के जरिए एक नेविगेशन सैटेलाइट को लॉन्च किया। इसरो के मुताबिक, GSLV-F12 ने नेविगेशन सैटेलाइट NVS-01 को सफलतापूर्वक इच्छित कक्षा में स्थापित कर दिया है। गौरतलब है कि भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने दूसरी पीढ़ी की नौवहन उपग्रह श्रृंखला के लॉन्चिंग की योजना बनाई है, जो नाविक (NavIC) यानी भारत की स्वदेशी नौवहन प्रणाली सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करेगी। इसरो का ये उपग्रह भारत और मुख्य भूमि के आसपास लगभग 1500 किलोमीटर के इलाके में तात्कालिक स्थिति और समय संबंधी सेवाएं प्रदान करेगा। इसरो के मुताबिक, इस उपग्रह को प्रक्षेपण करने के लिए उल्टी गिनटी रविवार की सुबह सात बजकर 12 मिनट से शुरू हुई थी। इसके जरिए इसरो के 51.7 मीटर लंबे जीएसएलवी अपनी 15वीं सफलतापूर्वक उड़ान भरी, जिसमें वह दो हजार 232 किलोग्राम वजनी एनवीएस-01 नौवहन उपग्रह को लेकर रवाना हुआ। प्रक्षेपण के करीब 20 मिनट बाद ही रॉकेट ने लगभग 251 किमी की ऊंचाई पर भूस्थिर स्थानांतरण कक्षा (GTO) में उपग्रह को स्थापित दिया। इसे इसरो की बड़ी उपलब्धि मन जा रहा है।