लॉकडाउन तोड़नेवालों ने मुंबई में चार पुलिसवालों पर किया धारदार हथियार से हमला

 15 May 2020  1321

संवाददाता/in24 न्यूज़.
लॉकडाउन में मुंबई पुलिस दिन रात मेहनत कर रही है, बावजूद इसके लोग इससे संभलते नज़र नहीं आ रहे. मुंबई में लॉकडाउन का उल्लंघन करने से मना करने पर चार पुलिसकर्मियों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इसमें 2 एसआरपीएफ के जवान भी शामिल हैं। चारों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल हालत में पुलिसकर्मियों में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मामला मुंबई के एंटॉप हिल में बीती रात की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एंटॉप हिल के गरीब नवाज नगर में बीती रात पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस वाले के ऊपर हमला किया गया। लॉकडाउन में बिना वजह कुछ लोग बाहर बैठे थे। इसकी जानकारी पेट्रोलिंग टीम को लगी तो मौके पर पहुंचकर उन लोगों ने सभी को घर में जाने के लिए बोला। उसमें से एक बिना मास्क लगाए बैठा था। पुलिस ने इसके बारे में पूछा तो उसके घर वाले भी वहां आ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें घर जाने को कहा। इसी दौरान पुलिस और दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई और इतने में एक शख्स ने पुलिस के ऊपर हमला कर दिया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो 5 से 7 महिलाएं और 10-12 पुरुषों ने भी धारदार हथियार से पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों के सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर रूप से चोट आई है। गंभीर हालत में जवानों को गैलेक्सी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों की तलाश जारी है और आरोपी मौके से फरार हैं। महाराष्ट्र में एक हजार से ज्यादा पुलिसवाले कोरोना से संक्रमित हैं। महाराष्ट्र पुलिस डिपार्टमेंट में अबतक 8 की मौत हुई है, जिनमें से चार मौत मुंबई में शामिल हैं। हाल ही में महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने कहा था कि पुलिसवालों को आराम की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने केंद्र से 20 कंपनी सीआरपीएफ की मांग की थी। जिसकी मंजूरी केंद्र ने दे दी।