आपातकाल के दौरान भारत के लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया गया था : पीएम मोदी

 26 Jun 2022  361

संवाददाता/in24 न्यूज़.
मन की बात कार्यक्रम के माध्मय से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने देश को संबोधित किया। कार्यक्रम में पीेएम मोदी ने इमरजेंसी को याद किया। उन्होंने कहा कि मन की बात की इसी कड़ी में, मैं आज आपसे, देश के एक ऐसे जन-आंदोलन की चर्चा करना चाहता हूं जिसका देश के हर नागरिक के जीवन में बहुत महत्व है। पीएम मोदी ने कहा कि आपातकाल के दौरान भारत के लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया गया था। देश की अदालतें, हर संवैधानिक संस्था, प्रेस, सब पर नियंत्रण लगा दिया गया था। सेंसरशिप की ये हालत थी कि बिना स्वीकृति कुछ भी छापा तक नहीं जा सकता था। इसके बावजूद भारत के लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से ही आपातकाल को हटाकर वापस लोकतंत्र की स्थापना की। तानाशाही की मानसिकता को, तानाशाही की वृति-प्रवृत्ति को लोकतांत्रिक तरीके से पराजित करने का ऐसा उदाहरण पूरी दुनिया में मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के दौरान लोगों के संघर्षों का गवाह रहने का सौभाग्य मुझे भी मिला। आज जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो हमें आपातकाल के भयानक दौर को भूलना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन का अधिकार छीना गया था। इसके बावजूद लोगों ने लोकतंत्र में विश्वास को नहीं खोया। आज हमारा भारत जब इतने सारे क्षेत्रों में सफलता का आकाश छू रहा है, तो आकाश या अन्तरिक्ष, इससे अछूता कैसे रह सकता है! बीते कुछ समय में हमारे देश में स्पेस सेक्टर से जुड़े कई बड़े काम हुए हैं। देश की इन्हीं उपलब्धियों में से एक है In-Space नाम की एजेंसी का निर्माण। उन्होंने कहा कि आज से कुछ साल पहले हमारे देश में स्पेस सेक्टर में स्टार्ट अप के बारे में कोई सोचता तक नहीं था। आज इनकी संख्या सौ से भी ज्यादा है। देश का युवा आकाश छूने को तैयार है तो हमारा देश कैसे पीछे रह सकता है! पीएम मोदी ने कहा कि साथियों, जब बात खेलों की हो रही है, तो मैं आज, भारत की सर्वाधिक प्रतिभाशाली क्रिकेटरों में, उनमें से एक, मिताली राज की भी चर्चा करना चाहूंगा। उन्होंने, इसी महीने क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है, जिसने कई खेल प्रेमियों को भावुक कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि मिताली, महज एक असाधारण खिलाड़ी नहीं रही हैं, बल्कि, अनेक खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत भी रही हैं। उन्होंने कहा कि मैं, मिताली को उनके भविष्य के लिए ढ़ेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। वहीं पीएम मोदी ने साल 2014 में सत्ता में आने के बाद मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत की थी। मन की बात कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री अलग-अलग मामलों पर बात करते हैं। यह कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है। मन की बात कार्यक्रम का पहला एपिसोड साल 2014 के अक्टूबर महीने में प्रसारित हुआ था। बता दें कि आज मन की बात का 90वां एपिसोड प्रसारित हुआ।