भारत स्पेस के सेक्टर में अपनी सफलता पड़ोसी देशों से भी साझा कर रहा है : पीएम मोदी

 27 Nov 2022  582

संवाददाता/in24 न्यूज़.
अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात (Man Ki Bat) के 95 वें एपिसोड के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आज देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मन की बात शतक पूरा करने की ओर बढ़ रहा है। यह कार्यक्रम मेरे लिए 130 करोड़ देशवासियों से जुड़ने का एक और माध्यम है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही मुझे तेलंगाना से हरिप्रसाद गारू ने हाथ से G-20 का लोगो बुनकर भेजा है। ये शानदार उपहार देखकर मैं हैरान रह गया। मेरे मन में विचार आया कि तेलंगाना में बैठा व्यक्ति में G-20 सम्मेलन से खुद को कितना जुड़ा हुआ महसूस करता है। पीएम मोदी ने कहा कि साथियों, भारत स्पेस के सेक्टर में अपनी सफलता, अपने पड़ोसी देशों से भी साझा कर रहा है। कल ही भारत ने एक सेटेलाइट लॉन्च की, जिसे भारत और भूटान ने मिलकर डेवलप किया है। चाहे शांति हो या एकता, पर्यावरण को लेकर संवेदनशीलता की बात हो, या फिर सतत विकास की, भारत के पास इनसे जुड़ी चुनौतियों का समाधान है। हमने (G-20 के लिए) वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर (One Earth, One Family, One Future) की जो थीम दी है, उससे वसुधैव कुटुम्बकम के लिए हमारी प्रतिबद्धता जाहिर होती है। पीएम मोदी ने कहा कि ड्रोन के क्षेत्र में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले हमने देखा कि कैसे हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में ड्रोन के जरिए सेब ट्रांसपोर्ट किए गए। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों में भारत से म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट का निर्यात साढ़े तीन गुना बढ़ गया है। इलेक्ट्रिकल म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट की बात करें तो इनका निर्यात 60 गुना बढ़ा है। इससे पता चलता है कि भारतीय संस्कृति और संगीत की लोकप्रियता दुनिया में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नागा संस्कृति के जो खूबसूरत आयाम धीरे-धीरे खोने लगे थे उन्हें LIDI KROU संस्था ने पुनर्जीवित करने का काम किया है। उदाहरण के लिए इस संस्था ने नागा संगीत की एल्बम लॉन्च करने का काम शुरू किया है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि कोई पर्यावरण के लिए प्रयास कर रहा है, कोई पानी के लिए काम कर रहा है, कितने ही लोग शिक्षा, चिकित्सा और विज्ञान तकनीक से लेकर संस्कृति-परंपराओं तक, असाधारण काम कर रहे हैं। आज हमारा हर नागरिक अपने कर्तव्य को समझ रहा है जब ऐसी कर्तव्य भावना किसी राष्ट्र के नागरिकों में आ जाती है, तो उसका स्वर्णिम भविष्य अपने आप तय हो जाता है और देश के ही स्वर्णिम भविष्य में हम सबका भी स्वर्णिम भविष्य है। गौरतलब है कि पीएम मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को मन की बात कार्यक्रम करते हैं जिसे आकाशवाणी से प्रसारित किया जाता है जिसे दूरदर्शन समेत समस्त न्यूज़ माध्यमों से प्रसारित किया जाता है।