भारत में असहिष्णुता बढ़ी है : राहुल

 12 Jan 2019  994
संवाददाता/in24 न्यूज़।

राहुल गांधी ने शनिवार को यूएई में कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में भारत में असहिष्णुता तथा गुस्सा बढ़ा है और यह सत्ता में बैठे लोगों की मानसिकता की उपज है। कांग्रेस अध्यक्ष संयुक्त अरब अमीरत की यात्रा पर है। यात्रा के दूसरे दिन उन्होंने कहा कि भारत लोगों पर एक विचारधारा नहीं थोपता बल्कि अनेकों विचारों को आत्मसात कर सकता है। उन्होंने आईएमटी दुबई विश्वविद्यालय के छात्रों से बातचीत में कहा, ‘भारत ने विचारों को गढ़ा है और विचारों ने भारत को गढ़ा है। अन्य लोगों को सुनना भी भारत का विचार है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत ‘भूख’ जैसी बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है ऐसे में देश में खेल को नंबर एक की प्राथमिकता देना कठिन है। गांधी ने कहा, ‘सहिष्णुता हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। लेकिन हमने पिछले साढ़े चार वर्षों में बहुत सा गुस्सा तथा समुदायों के बीच खाई देखी है। यह सत्तापक्ष में बैठे लोगों की मानसिकता से उपजा है।’ उन्होंने कहा कि हम एक ऐसा भारत पसंद नहीं करेंगे जहां पत्रकारों को गोली मार दी जाती है, जहां लोगों की हत्या इसलिए कर दी जाती है क्योंकि उन्होंने अपनी बात रखी। ये कुछ ऐसी चीजें हैं जिन्हें हम बदलना चाहते हैं, आने वाले चुनाव में यही चुनौती है।