मुलायम सिंह यादव अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
08 Aug 2020
486
संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। यादव को पेशाब नली में संक्रमण के बाद बृहस्पतिवार देर रात लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल ने शुक्रवार रात अस्पताल जाकर यादव का हाल लिया। मेदांता के निदेशक डॉक्टर राकेश कपूर ने शनिवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि यादव को संक्रमण की शिकायत के बाद बृहस्पतिवार देर रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर अस्पताल लाया गया था। कोरोना संक्रमण के लिए भी उनकी जांच की गई जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की सख्त निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है और इस वक्त उनकी हालत स्थिर है। उनका अल्ट्रासाउंड और रक्त एवं पेशाब की जांच की जा रही है। इस बीच, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने पिता से मिलने के लिए शुक्रवार रात मेदांता अस्पताल गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव भी थीं। बता दें कि मुलायम सिंह यादव करीब एक महीना पहले भी मेदांता में भर्ती हुए थे। उस वक्त उन्हें आंत में समस्या थी। हालांकि, इलाज के बाद उन्हें आराम मिल गया और उन्हें घर भेज दिया गया था। वे अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करते रहते हैं। बता दें कि कुछ समय से मुलायम सिंह अस्वस्थता का सामना कर रहे थे.