राजस्थान में पुजारी को ज़िंदा जलाया
10 Oct 2020
498
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज की तारीख़ में इस देश देश में साधु-संतों का जीवन भी सुरक्षित नहीं रहा. राजस्थान के करौली में पुजारी को जिंदा जलाए जाने की वारदात प्रदेश की कानून व्यवस्था की पोल खोल रहा है। इस मामले में अब राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा ने राहुल गांधी को भारत दर्शन खत्म कर राजस्थान जाने की बात कही है तो वहीं राजस्थान सरकार ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। इस बीच परिजनों ने पुजारी के दाह संस्कार से इनकार कर दिया है। भाजपा ने इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसमें जयपुर सिटी के सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व विधायक अलका सिंह गुर्जर और पूर्व प्रदेश जनरल सेक्रेटरी जितेंद्र मीणा शामिल हैं। ये तीनों सदस्य आज करौली पहुंचकर घटना से संबंधित जानकारी जुटाएंगे और प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया को अपनी रिपोर्ट सौपेंगे। घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। गहलोत ने ट्वीट किया कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है,सभ्य समाज में ऐसे कृत्य का कोई स्थान नहीं है। प्रदेश सरकार इस दुखद समय में शोकाकुल परिजनों के साथ है। गहलोत ने कहा कि घटना के प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई जारी है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि करौली में भूमाफिया की ओर से पुजारी की जलाकर हुई हत्या से पूरा राजस्थान हिल उठा है। राजस्थान में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। कहीं भी कानून का अस्तित्व नहीं दिख रहा है। पुजारी को जलाकर मारने का यह बेहद ही गंभीर मामला है। सरकार को फौरन एक्शन लेना चाहिए। राहुल गांधी को भारत दर्शन करने की बजाए राजस्थान के जिले-जिले में जाना चाहिए। राजस्थान सरकार का इस्तीफा लेना चाहिए या फिर व्यवस्था सुधारने के लिए कुछ कवायद करें। लेकिन वह कुछ नहीं करेंगे, केवल राजनीति करेंगे। यह जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि कांग्रेसियों पहले वहां (राजस्थान) दौड़ो। बारां, बांसवाड़ा, बाड़मेर, सीकर, जयपुर और बूंदी में जाओ, जहां-जहां बलात्कार की घटनाएं हुई हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाइए। राजस्थान में आए दिन बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। ऐसी घटनाओं में सरकार कुछ नहीं कर पा रही है। राजस्थान में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। राजस्थान के करौली जिले में भूमि विवाद में पांच लोगों द्वारा कथित तौर पर एक पुजारी को जिंदा जला दिया गया था, जिनकी गुरुवार को एसएमएस अस्पताल में मौत हो गयी। पुलिस ने इस बारे में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार घटना करौली जिले में सापोटरा के बूकना गांव की है। वहां बुधवार को एक मंदिर के पुजारी बाबू लाल वैष्णव पर पांच लोगों ने हमला किया। आरोप है कि मंदिर के पास की खेती जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे इन लोगों ने पुजारी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी। घायल पुजारी को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें गुरुवार को जयपुर भेजा गया वहां उन्होंने दम तोड़ दिया। बता दें कि कुछ महीने पहले महाराष्ट्र के पालघर में साधु-संतों को निशाना बनाया गया था.