86 साल की उम्र में बूटा सिंह का निधन

 02 Jan 2021  740

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आज सुबह कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह का 86 साल की उम्र में निधन हो गया। वह 86 साल के थे। पिछले साल मस्तिष्काघात के बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। उसके बाद गत वर्ष अक्टूबर महीने से वह कोमा में थे। उनके परिवार ने बताया कि बूटा सिंह का शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे एम्स में निधन हो गया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने बूटा सिंह के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। मोदी ने ट्वीट करके कहा कि बूटा सिंह एक अनुभवी प्रशासक और गरीबों तथा वंचितों के कल्याण के प्रभावी आवाज थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। गौरतलब है कि बूटा सिंह ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में केंद्रीय गृह मंत्री समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके साथ ही वह बिहार के राज्यपाल और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष भी रहे। बता दें कि कांग्रेस में हाल ही में वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का भी निधन हुआ था.