मुंबई में ईमारत का हिस्सा गिरने से एक की मौत और पांच घायल

 07 Jun 2021  947

संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के उपनगर बांद्रा में चार मंजिला इमारत की दीवार ढहकर उससे सटे दो मंजिला मकान पर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी मुंबई महानगर पालिका के एक अधिकारी ने दी। अधिकारी के मुताबिक देर रात करीब पौने दो बजे यह घटना हुई जिसके बाद दमकल कर्मियों ने 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जबकि कुछ स्थानीय लोगों ने छह लोगों की जान बचाई। उन्होंने बताया कि यह इमारत बांद्रा (पूर्व) के खेरवाड़ी रोड पर रज्जाक चॉल में स्थित है। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षित निकाले गए लोगों और घायलों को बांद्रा पश्चिम स्थित भाभा अस्पताल और सांताक्रूज के वी एन देसाई अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि वी एन देसाई अस्पताल के अधिकारियों ने सूचना दी कि रियाज अहमद (28) को जब अस्पताल लाया गया तबतक उसकी मौत हो चुकी थी जबकि अन्य व्यक्ति नूरल हक हैदर अली सैयद (21) को हल्की चोट आई थी। घायल सलमान खान (24), राहुल खोत (22), रोहन खोत (22) और लता खोत (48) की हालत स्थिर है और उनका उपचार चल रहा है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बचाव एवं तलाश अभियान के साथ घटनास्थल से मलबा हटाने का काम अब भी जारी है। बता दें कि मुंबई में बड़ी संख्या में जर्जर इमारतें हैं जिसमें रहनेवालों की ज़िंदगी भी खतरे में हैं।