भारी बारिश से पानी-पानी हुई मुंबई

 09 Jun 2021  889

संवाददाता/in24 न्यूज़.
समय से कुछ पहले ही मानसून ने मुंबई में दस्‍तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मानसून मुंबई पहुंच चुका है और इस साल मुंबई और महाराष्ट्र में अच्छी बारिश होने की संभावना दिख रही है। आज यानी बुधवार को मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शहर के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। साथ ही समुद्र में हाई टाइड के उठने का भी अनुमान है। इस दौरान समुंद्र की लहरें 4.16 मीटर की ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में एहतियातन समुंद्र के किनारे के इलाकों को खाली करवा लिया गया है। साथ ही कई टीमें नजर बनाए हुए हैं। आईएमडी मुंबई के उप महानिदेशक डॉ. जयंत सरकार ने बताया कि मॉनसून मुंबई पहुंच गया है। मुंबई में मॉनसून के पहुंचने की तारीख 10 जून थी लेकिन इस बार समय से एक दिन पहले मॉनसून का आगमन हुआ है। इससे पहले मंगलवार को प्री मॉनसून की बारिश ने मुंबई को पानी-पानी कर दिया। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, जिसके कारण यातायात भी कई जगह बाधित रहा। मुंबई के हिंदमाता में सड़कों पर जल जमाव दिखा। मुंबई में रेलवे ट्रैक भी जलमग्न हो गए हैं, जिसकी वजह से लोकल ट्रेन सर्विस पर भी असर पड़ा है। सेंट्रल रेलवे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक़ चूनाभट्टी रेलवे स्टेशन के पास भारी बारिश और जलभराव के कारण हार्बर लाइन वाशी पर ट्रेन सेवाएं सुबह 10.20 बजे से निलंबित हैं। वहीं सायन-कुर्ला खंड में जलभराव के कारण मेन लाइन पर सुबह 10.20 बजे से सीएसएमटी-ठाणे से सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। बारिश और उससे होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के लिए एमएमआरडीए ने 24 घंटे का आपातकालीन मानसून नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। एमएमआरडीए ने मुंबई में 24 घंटे का आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति परेशानी में मोबाइल नंबर 8657402090 और लैंडलाइन नंबर 02226594176 पर कॉल करके मदद की अपील कर सकता है। बता दें कि महाराष्ट्र में ठाणे जिला प्रशासन ने क्षेत्र में मानसून की शुरुआत के मद्देनजर झरनों, झीलों और बांधों के पास लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिला कलेक्टर राजेश नार्वेकर ने क्षेत्र में जलाशयों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आदेश जारी किया है। आदेश में जिले के कुछ खतरनाक स्थानों की सूची दी गई है और लोगों से कहा गया है कि वे मानसून के दौरान इन स्थानों पर न जाएं। यह आदेश सीआरपीसी की धारा 144, महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी किया गया है। ठाणे तालुका में येयूर, कलवा, मुंब्रा, रेतीबंदर, गैमुख और उत्तान समुद्र तट पर लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। फिलहाल मुंबई पानी-पानी हो गई है और जान जीवन पर इसका बड़ा असर पड़ा है।