मुंबई में तीन मंज़िली इमारत गिरी, पांच लोग घायल

 28 Jul 2021  811
संवाददाता/in24 न्यूज़/मुंबई
भारी बारिश से बेहाल देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बड़ा हादसा हुआ है। बीती रात मुंबई के जुहू गल्ली इलाके में एक तीन मंज़िली इमारत का बड़ा हिस्सा अचानक गिर पड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, हालांकि इस दुर्घटना में सभी को मामूली चोट आई है। घायलों को नजदीकी हॉस्पिटल में उपचार के लिए एडमिट किया गया है। जब यह हादसा हुआ तब घर में पांच लोग मौजूद थे। दुर्घटना रात करीब 12:30 बजे के आसपास हुई। मौके पर मुंबई पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मलबा हटाने का काम कई घंटे तक चलता रहा। बता दें कि इससे पहले मुंबई के मालवणी इलाके से मकान ढहने की घटना सामने आई थी। इस हादसे में आठ बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए थे। कुल मिलाकर मुंबई में मूसलाधार बारिश के बीच कई हादसे हुए, जिसमें बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह हादसा रात के समय तकरीबन 12:30 बजे के आसपास हुआ। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने राहत और बचाव शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मौके पर पड़े मलबे को हटाने का काम शुरू किया। बता दें कि मुंबई महानगरपालिका के के/पश्चिम विभाग के अंतर्गत आने वाला जुहू गल्ली झुग्गी बहुल इलाका है। यहां सरकारी योजना के अंतर्गत विकास कार्य चल रहा है, लेकिन आज तक ये विकास कार्य पूरा नहीं हो पाया है।कुकुरमुत्तों की भांति बनाये जा रहे तीन तीन मंजिलों के मकानों की सुरक्षा अब राम भरोसे प्रतीत हो रहा है। जुहू गल्ली में जिस स्थान पर यह तीन मंज़िली इमारत गिरी है वह मेहता बाबा चाल में स्थित थी। इस हादसे में अकबर शेख, उम्र-60 साल, चांद शेख, उम्र - 34 साल, आरिफ शेख उम्र 17 साल और अजरा शेख उम्र 18 साल घायल हुए हैं, जिन्हें कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 50 वर्षीय शमशुद्दीन शेख को इलाज के बाद घर जाने की इजाजत दे दी गई।