मुंबई में किसान आंदोलन को राजभवन जाने से रोकेगी पुलिस

 25 Jan 2021  1616

संवाददाता/in24 न्यूज़।
किसान आंदोलन दिल्ली के बाद मुंबई तक पहुँच गया है. मुंबई पुलिस के सह आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के पैदल मार्च को राजभवन तक नहीं जाने दिया जाएगा। इसकी अनुमति नहीं दी गई है। अगर किसान पुलिस की अनुमति का पालन नहीं करेंगे तो उनपर कार्रवाई की जाएगी। आजाद मैदान में सूबे के किसानों का प्रदर्शन जारी है। विश्वास नागरे पाटिल ने सोमवार को कहा कि मुंबई पुलिस आंदोलन कर रहे किसानों के साथ लगातार बात कर रही है। साथ ही इन किसानों को कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत भी दे रही है। किसानों को आजाद मैदान में प्रदर्शन की अनुमति दी गई है। अगर किसान नेताओं ने पुलिस अनुमति का उल्लंघन किया तो उनपर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक़ केंद्र सरकार के कृषि कानून का विरोध करते हुए महाराष्ट्र के किसानों ने सोमवार को आजाद मैदान में प्रदर्शन जारी रखा है। इस प्रदर्शन को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार , कांग्रेस पार्टी व शिवसेना के नेता संबोधित करने वाले हैं। इसके बाद किसान नेता आजाद मैदान से राजभवन तक पैदल मार्च निकालने वाले हैं। राजभवन पर जाकर किसान नेता राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को अपना निवेदन (मांगपत्र) देने वाले हैं। इस मोर्चा में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी शामिल होने वाले थे लेकिन उन्होंने आज अपना विचार बदल दिया है। अब किसान के प्रदर्शन में शिवसेना नेता शामिल होंगे। राकांपा सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे संवैधानिक पद पर हैं, इसी वजह से वे प्रदर्शन में शामिल नहीं हो रहे हैं। किसान नेता राजभवन तक पैदल मार्च ले जाने के लिए फिलहाल अड़े हुए हैं। लेकिन पुलिस इसकी इजाजत नहीं दी है और इन सबको आजाद मैदान से थोड़ी दूर पर स्थित मेट्रो सिनेमा के पास किसान नेताओं की गिरफ्तारी की भी तैयारी बना रही है। बता दें कि किसान आंदोलन के ज़रिये नेताओं द्वारा केंद्र सरकार पर दवाब डालने की तैयारी है.