जुए की राशि के साथ छह पुलिस कॉन्स्टेबल निलंबित
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पुलिस जब रक्षा के बदले सौदा करती है तब खाकी को दागदार भी कर देती है। मध्यप्रदेश के भिंड जिले के भरौली थाने के छह पुलिस कॉन्स्टेबल द्वारा जुए अड्डे से लूटी गयी दो लाख रुपए से अधिक की राशि जब्त करने के साथ ही, इन आरोपी छह पुलिस कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कल पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन से कॉन्स्टेबल दल को जुए के बड़े फंड की रैकी के लिए कहा। रैकी के बाद कार्रवाई की तैयारी हुई, लेकिन छह कॉन्स्टेबल ने जुआरियों से करीब आठ लाख रुपए लूट लिए। कॉन्स्टेबल ने भिंड जिले के भारौली थाने में कार्रवाई के इंतजार में बैठे डीएसपी अरविंद शाह को बताया कि वह जुए के अड्डे पर छापामार कार्रवाई कर आए हैं। जुआरी भाग खड़े हुए। डीएसपी ने सख्ती से पूछा तो कॉन्स्टेबल दल ने दो लाख, तीन हजार 600 रुपए जब्त कराए। डीएसपी श्री शाह की रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक ने जुआरियों को लूटने में शामिल सभी पुलिस कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि कॉन्स्टेबल्स ने निर्देश की अवहेलना कर बिना सक्षम प्रभारी अधिकारी के दबिश दी, जिसमें परिणाम स्वरूप अपराधी मौके पर गिरफ्तार नहीं किए जा सके। साथ ही मौके से प्राप्त राशि के बारे में तत्काल अवगत न कराकर काफी देर बाद बताया गया। इस बारे में पुलिस अधीक्षक को पूरी रिपोर्ट दी है। फिलहाल सभी 6 छह कॉन्स्टेबल को निलंबित कर विभागीय जांच कराई जा रही है। उसके बाद बर्खास्त की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा है कि जिस थाना क्षेत्र में गलत गतिविधियां संचालित पाई गई, उस थाने का थाना प्रभारी और बीट प्रभारी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अचरज तब होता है जब रक्षक पर भक्षक होने का आरोप लगता है।