भारत में 15 लाख के पार पहुंचा कोरोना का मामला
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना का कहर दिन ब दिन जारी है. देश में हर दिन कोरोना वायरस का खौफ फैलता ही जा रहा है. भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 15 लाख से ज्यादा हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 52,123 नए मामले सामने आए हैं और 775 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 15,83,792 हो गई है। जिनमें से 5,28,242 सक्रिय मामले हैं, 10,20,582 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 34,968 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत में कोविड-19 मृत्यु दर वैश्विक सीएफआर के मुकाबले कम है। सीएफआर 19 जून के 3.3 प्रतिशत के मुकाबले बुधवार को घटकर 2.23 प्रतिशत रह गई जो एक अप्रैल के बाद से सबसे कम है। इसमें कहा गया है कि न सिर्फ सीएफआर नीचे रहा बल्कि प्रभावी निषिद्ध रणनीति, आक्रामक जांच और मानकीकृत नैदानिक प्रबंधन प्रोटोकाल की वजह से छह दिनों से लगातार 30 हजार से ज्यादा कोविड-19 मरीज ठीक हो रहे हैं। बता दें कि बावजूद इसके कोरोना का संक्रमण लगातार अपना दायरा बढ़ाता ही जा रहा है.