आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगी ममता
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी हैट्रिक लगाने के लिए तैयार हैं. तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटों पर जीत दर्ज की, वहीं बीजेपी को 77 सीटें हासिल हुई. जबकि लेफ्ट का सूपड़ा साफ हो गया, कांग्रेस और अन्य को 1-1 सीटों पर जीत हासिल हुई. इन सबके बीच ममता बनर्जी आज शाम राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश करेंगी. राजभवन सूत्रों ने यह जानकारी दी है. सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने 292 सीटों में से 213 सीट जीतीं हैं. राज्य में मार्च और अप्रैल में 8 चरण में मतदान हुआ था. भाजपा 77 सीट जीतकर बड़ा विपक्षी दल बनी है. बनर्जी ने लगातार दूसरी बार राज्य विधानसभा में दो तिहाई बहुमत से पार्टी को जीत दिलाई है. राज्यपाल धनखड़ ने रविवार को ट्वीट किया था कि कल शाम 7 बजे माननीय मुख्यमंत्री राजभवन में मुझसे मुलाकात करेंगी. गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सात सीटें ऐसी रहीं जहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला हुआ और जीत-हार का अंतर एक हजार से कम मतों का रहा. इनमें एक सीट तो ऐसी रही जहां 57 मतों से जीत-हार का फैसला हुआ. चार राज्यों और केंद्र शासित पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के मतगणना के दौरान कांटे के मुकाबले के लिए सबसे अधिक चर्चा में पश्चिम बंगाल का नंदीग्राम रहा जहां मुकाबला ममता बनर्जी और उनके पूर्व सिपहसालार शुभेंदु अधिकारी के बीच था. बता दें कि ममता की जीत के लिए लगातार बधाइयां मिल रही हैं.