लौट के एयर इंडिया टाटा ग्रुप आई

 01 Oct 2021  766

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
बड़े लंबे अंतराल के बाद एयर इंडिया की घर वापसी हुई है। खबर के मुताबिक, एयर इंडिया की बोली टाटा संस ने जीत ली है। मंत्रियों के एक ग्रुप ने टाटा ग्रुप के टेक ओवर प्रस्ताव पर सहमति जता दी है। आने वाले दिनों में जल्दी ही सरकार यह ऐलान कर सकती है। एयर इंडिया के लिए टाटा ग्रुप और स्पाइसजेट के अजय सिंह ने बोली लगाई थी। यह दूसरा मौका है जब सरकार एअर इंडिया में अपनी हिस्सेदारी बेचने की कोशिश कर रही है। इससे पहले 2018 में सरकार ने कंपनी में 76 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की कोशिश की थी लेकिन उसे कोई रिस्पांस नहीं मिला था। एयर इंडिया के लिए सरकार ने फाइनेंशियल बिड्स मंगवाई थी। सरकार इसी वित्त वर्ष में इस सरकारी एयरलाइंस का प्राइवेटाइजेशन करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। ये सरकार के विनिवेश कार्यक्रम का हिस्सा भी है। गौरतलब है कि एयर इंडिया की शुरुआत 1932 में टाटा ग्रुप ने ही की थी। टाटा समूह के जेआरडी। टाटा ने इसकी शुरुआत की थी, वे खुद भी एक बेहद कुशल पायलट थे। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद भारत से सामान्य हवाई सेवा की शुरुआत हुई और तब इसका नाम एयर इंडिया रखकर इसे एक सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बना दिया गया। वर्ष 1947 में देश की आज़ादी के बाद एक राष्ट्रीय एयरलाइंस की जरूरत महसूस हुई और भारत सरकार ने  एयर इंडिया  में 49 फ़ीसदी हिस्सेदारी अधिग्रहण कर ली। इसके बाद 1953 में भारत सरकार ने एयर कॉरपोरेशन एक्ट पास किया और टाटा ग्रुप से इस कंपनी में काफी बड़ी मात्रा में हिस्सेदारी खरीद ली। इस तरह एयर इंडिया पूरी तरह से एक सरकारी कंपनी बन गई। बहरहाल, मालिकाना हक़ बदलने के बाद देखना होगा कि एयर इंडिया की उड़ान में अब कैसी और कितनी तेज़ी आती है!