गैस सिलेंडर पर फिर महंगाई का हमला

 01 Oct 2021  595

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आज से गैस सिलेंडर की कीमत पर महंगाई ने फिर हमला किया है। अब 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1693 रुपए से बढ़कर 1736.50 रुपए हो गई है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 43 रुपए बढ़ाए गए हैं। वहीं, नॉन-सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपए बनी हुई है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए लग रहा था कि एलपीजी सिलेंडर की कीमत 900 रुपए के पार जा सकती है। गौरतलब है कि सितंबर महीने की शुरुआत आम आदमी के लिए महंगाई के तड़के के साथ हुई थी। सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में फिर बढ़ोतरी कर दी। बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1 सितंबर को 25 रुपए बढ़ा दी गई। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर का दाम बढ़कर 884.50 रुपए हो गए हैं। बीते महीने 15 दिन में ही गैर-सब्सिडी वाला एलपीजी सिलेंडर 50 रुपएमहंगा हो चुका है। इससे पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने 18 अगस्त को गैस सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपए का इजाफा किया था। जुलाई में भी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे। वहीं 19 किलोग्राम कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 75  रुपए की बढ़ोतरी हुई है। मुंबई में 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के दाम 884.5 रुपए, चेन्नई में एलपीजी सिलेंडर 900.50 रुपए में मिलेगा। वहीं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सिलेंडर के दाम 897.5 रुपए हैं। गौरतलब है कि 1 जनवरी से 1 सितंबर तक रसोई गैस की कीमत में 190 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 19 किग्रा वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की बात करें तो दिल्ली में इसकी कीमत 1693 रुपए है। कोलकाता में भाव 1772 रुपए, मुंबई में 1,649 रुपए और चेन्नई में 1,831 रुपए एलपीजी प्रति सिलेंडर हो गए हैं। सरकार ने हर महीने कीमतों में इजाफा करके एलपीजी पर मिलने वाली सब्सिडी को खत्म कर दिया है। हर महीने दाम में बढ़ोतरी के चलते मई 2020 तक सब्सिडी खत्म हो गई। रसोई गैस की कीमत पिछले सात सालों में दोगुनी से अधिक हो गई हैं। 1 मार्च 2014 को 14.2 किलोग्राम रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 410.5  रुपए थी। बहरहाल आज अक्टूबर के पहले दिन ही इस महंगाई ने उपभोक्ताओं को झटका देने का काम कर दिया है।