उड़ान भरते समय मेंगलुरु एयरपोर्ट पर पक्षी से टकराया इंडिगो का विमान, बड़ा हादसा टला

 25 May 2023  675

संवाददाता/in24 न्यूज़.
इंडिगो एयरलाइन्स (Indigo Airlines) का एक विमान उड़ान भरते समय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के मेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (Mangalore International Airport) पर पक्षी (Bird) से टकरा गया। हवाई अड्डे के सूत्रों के मुताबिक, घटना सुबह साढ़े आठ बजे हुई और यात्रियों में अफरातफरी मच गई। फ्लाइट मेंगलुरु से दुबई जा रही थी। जब उड़ान टैक्सीवे को पार कर चुकी थी और उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार थी, तब उसका एक पंख पक्षी से टकरा गया। सूत्रों ने कहा कि पायलट ने घटना के बारे में तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया और उड़ान रद्द कर दी। अधिकारियों ने यात्रियों के दुबई जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। सूत्रों के मुताबिक, तकनीशियनों द्वारा उड़ान का निरीक्षण किया जा रहा है। घटना के बारे में अभी और जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि इंडिगो एयरलाइन्स में हाल फिलहाल में अनेक विवादित घटनाएं हो चुकी हैं।