लापरवाही से बढ़ेगी इंडिगो की मुश्किलें

 16 Jan 2024  503

संवाददाता/in24 न्यूज़.
इंडिगो फ्लाइट की उड़ान विवादों में घिरती जा रही है। मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों द्वारा विमान के पास रनवे पर खाना खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस पर केंद्रीय इस्पात एवं नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आधी रात को अधिकारियों से बैठक की। वहीं, आज नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इंडिगो और मुंबई एयरपोर्ट को नोटिस जारी किया है और इस पूरे मामले पर जवाब मांगा है। गौरतलब है कि गोवा से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को 12 घंटे की देरी के बाद मुंबई की ओर डायवर्ट कर दिया गया था, जिसके बाद यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भड़के यात्री प्लेन के पास जमीन पर ही बैठकर खाना खाने लगे। यात्रियों में सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात की थी कि उन्हें फ्लाइट डिले होने की सूचना तक नहीं दी गई। इतना ही नहीं फ्लाइट इसके बाद भी दिल्ली के लिए नहीं उड़ी बल्कि पैसेंजर को मुंबई में उतार दिया गया। सोशल मीडिया पर लगातार वायरल होने के बाद इंडिगो ने इस वायरल वीडियो पर अपना बयान भी जारी किया है। बता दें कि इंडिगो के व्यवहार से यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी।