बिरयानी खाने से 17 लोग बीमार होकर पहुंचे अस्पताल

 21 Nov 2023  405

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
बिरयानी खाने के बाद कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले में नौ महिलाओं सहित कम से कम 17 लोग बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह जानकारी आज अधिकारियों ने दी। यह घटना कदुर तालुक के मरावनजी गांव में घटी। बिरयानी रविवार को एक निजी समारोह के लिए बनाई गई थी। पीड़ितों ने सोमवार को बची हुई बिरयानी खा ली और बाद में बीमार पड़ गए।

बासी बिरयानी खाने के बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों में उल्टी और दस्त के लक्षण विकसित हुए। जैसे-जैसे लक्षण बिगड़ते गए, पीड़ितों को एम्बुलेंस में कदुर सार्वजनिक अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि पीड़ित अब खतरे से बाहर हैं। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें संदेह है कि यह खाद्य विषाक्तता (Food Poisoning) का मामला है।