लिव-इन रिलेशनशिप के विरोध और संपत्ति के झगड़े में बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया
बेंगलुरु के सीगेहल्ली में सोमसुंदर अपने परिवार के साथ रहते थे। घर में पत्नी मुथुलक्ष्मी और दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी श्वेता की दोस्ती केनेथ नाम के लड़के से थी और दोनों लिव-इन में रहना चाहते थे। लेकिन घरवाले इसके सख्त खिलाफ थे। 21 जुलाई की रात श्वेता और केनेथ ने प्लान बनाया। रात में सोते समय उन्होंने पहले पिता सोमसुंदर पर हमला किया, फिर मां और छोटी बहन सुप्रिया को भी चाकू से गोद डाला। हत्या के बाद दोनों ने खून साफ करने की कोशिश की, फ्लैट में मिर्च पाउडर छिड़का और ताला लगाकर पुडुचेरी फरार हो गए। दो दिन बाद बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर तीनों के शव खून से लथपथ मिले।
पूछताछ में श्वेता ने बताया कि मां उसे "कैदी जैसा" ट्रीट करती थी। आजादी नहीं थी। साथ में 30 लाख का कर्ज था और संपत्ति को लेकर भी झगड़ा चल रहा था। कर्नाटक पुलिस ने 6 स्पेशल टीमें बनाईं। टेक्निकल सर्विलांस से पता चला दोनों पुडुचेरी में हैं। श्वेता को रेलवे स्टेशन से और केनेथ को शहर से गिरफ्तार किया। दोनों ने गुनाह कबूल कर लिया।
पड़ोसी हैरान हैं। बोले "कभी झगड़ा नहीं देखा"। एक्सपर्ट कह रहे हैं ये नई पीढ़ी और पुराने विचारों की टक्कर का नतीजा है। दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस उनके मोबाइल, लैपटॉप और एआई से की गई सर्च हिस्ट्री की जांच कर रही है।