सीडब्ल्यूसी के वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का हुआ आयोजन, देश की पहली महिला कुश्ती एथलीट गीता फोगाट और आईपीएस कृष्ण प्रकाश ने बच्चों को किया प्रेरित
मुंबई के वर्सोवा स्थित सीडब्ल्यूसी स्कूल में 43वें वार्षिक स्पोर्ट्स मीट 2025–26 का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस खेल महोत्सव में सीडब्ल्यूसी स्कूल के प्राइमरी लेवल से लेकर कॉलेज स्तर तक के छात्र–छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मैदान खेल भावना, अनुशासन और जोश से सराबोर नजर आया। वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ रंगारंग मार्चपास्ट और बैंड-बाजे के साथ हुआ। बच्चों ने अनुशासित परेड के जरिए मुख्य अतिथियों का स्वागत किया, जिससे माहौल पूरी तरह खेलमय बन गया। इस अवसर पर देश की पहली महिला कुश्ती एथलीट गीता फोगाट और महाराष्ट्र फोर्स वन के एडीजीपी कृष्ण प्रकाश मुख्य अतिथि के तौर पर विशेष रूप से मौजूद रहे। गीता फोगाट के आगमन पर सीडब्ल्यूसी स्कूल के बच्चों ने पूरे उत्साह और गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अलग-अलग खेलों में देश और राज्य का नाम रोशन करने वाले पैरा एथलीट्स और अन्य खिलाड़ियों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मान पाकर पैरा एथलीट और दिव्यांग खिलाड़ी बेहद उत्साहित और भावुक नजर आए। इस मौके पर गीता फोगाट ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी कड़ी मेहनत करके देश का नाम रोशन किया जा सकता है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके पिता उनके साथ काफी सख्ती से पेश आते थे। उनका सपना था कि उनकी बेटियां एथलीट बनें और देश का गौरव बढ़ाएं। उस समय वह सख्ती उन्हें अच्छी नहीं लगती थी और कई बार वे इससे परेशान भी हो जाती थीं, लेकिन समय के साथ उन्हें समझ में आया कि वही सख्ती उनके और उनकी बहनों के भविष्य के लिए कितनी फायदेमंद साबित हुई।
गीता फोगाट के प्रेरक शब्दों ने बच्चों और अभिभावकों को गहराई से प्रभावित किया। वहीं फोर्स वन के एडीजीपी कृष्ण प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि चाहे धर्म कोई भी हो, अच्छे स्वास्थ्य और खेलों का महत्व हर जगह बताया गया है। खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। उन्होंने छात्रों को खेलों को जीवन का अहम हिस्सा बनाने की सलाह दी। उल्लेखनीय है कि कृष्ण प्रकाश स्वयं भी एक उत्कृष्ट एथलीट रहे हैं और उन्होंने कई खेल उपलब्धियां हासिल की हैं। खेलों के अलावा इस अवसर पर सीडब्ल्यूसी स्कूल के प्राचार्य अजय कौल ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इन 24 न्यूज के एडिटर इन चीफ प्रदीप शर्मा को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पत्रकारों को सम्मानित करने का यह क्षण कार्यक्रम का एक खास आकर्षण रहा, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। बाद में इन 24 न्यूज के एडिटर इन चीफ प्रदीप शर्मा ने इस विशेष सम्मान के लिए सीडब्ल्यूसी के प्राचार्य अजय कौल का धन्यवाद दिया और ये वादा किया कि इन 24 न्यूज़ पत्रकारिता के क्षेत्र में इसी तरह पूरी ईमानदारी से काम करता रहेगा।
सम्मान समारोह के बाद पैरा एथलीट्स और अन्य खिलाड़ियों से इन 24 न्यूज़ ने खास बातचीत की। बातचीत के दौरान खिलाड़ियों ने जहां अपनी खुशी जाहिर की, वहीं उन्होंने समाज में मिलने वाली चुनौतियों और सुविधाओं की कमी को लेकर कुछ कड़वी सच्चाइयों को भी सामने रखा। इसके बावजूद उनके चेहरों पर आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का जज्बा साफ नजर आया। कुल मिलाकर, सीडब्ल्यूसी स्कूल का 43वां वार्षिक स्पोर्ट्स मीट न सिर्फ खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित रहा, बल्कि यह छात्रों, खिलाड़ियों और समाज के लिए प्रेरणा, सम्मान और सकारात्मक संदेश देने वाला एक यादगार आयोजन साबित हुआ।