भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 17265, 36 की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूरी दुनिया में कोरोना वायरस जिस तरह फैला उसका असर अनेक देशो पर पड़ा. देखते ही देखते लोग इसकी चपेट में आते चले गए. भारत में कोरोना वायरस के केस रोजाना बढ़ते ही जा रहे हैं। मरने वालों का भी आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 1553 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 36 मौतें भी हुईं। इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 17265 तक हो गई है। इसमें 14175 सक्रिय मामले हैं और 2546 लोग ठीक हो चुके हैं, जिन्हें छुट्टी दे दी गई है। 24 घंटे में हुई 36 मौतों से देश में अब कोरोना वायरस से कुल 543 मौतें हो चुकी हैं।स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, कुल 4,203 मामलों के साथ महाराष्ट्र सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य है। जबकि यहां 507 मरीजों को ठीक किया जा चुका है। राज्य में 223 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में 2,003 मामले सामने आए हैं। इसमें 72 मरीज ठीक हो चुके हैं और 45 मरीजों की मौत हो चुकी है। राजस्थान में 1,478 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से 183 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 14 मरीज की मृत्यु हो गई है। तमिलनाडु में 1,477 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 411 ठीक हो गए हैं और 15 की वायरस से मृत्यु हो गई। मध्यप्रदेश में 1,407 मामले सामने आए हैं, जिनमें 127 मरीज ठीक हुए और 70 मरीज मर गए। उत्तर प्रदेश में फिलहाल 1,084 COVID-19 सकारात्मक मामले दर्ज हुए हैं। केरल में कोरोना का सबसे पहले मामला सामने आया था, वहां 402 में कोरोना वायरस पॉजिटिव आया है। मध्य प्रदेश में 70, गुजरात (63), दिल्ली (45) और तेलंगाना में 18 मौतें हुईं। उत्तर प्रदेश में मौत का आंकड़ा 17 तक पहुंच गया जबकि पंजाब और कर्नाटक में 16-16 लोगों की मौत हुई। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 15-15 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में 14 मौतें हुई हैं। इस बीमारी से जम्मू-कश्मीर में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि केरल और हरियाणा में तीन-तीन मौतें दर्ज की गई हैं। वही झारखंड और बिहार में दो-दो मौतें हुई हैं, जबकि मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक मौत हुई हैं।