भारत में इस्लाम धर्म सुरक्षित : मोहन भागवत

 03 Jun 2023  599

संवाददाता/in24 न्यूज़.
इस्लाम धर्म को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने बड़ी बात कही है। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता (Hindu-Muslim unity) की बात कही है। उन्होंने कहा कि बाहर से आए समुदाय हमारे अपने हैं। उन्होंने विवाद के बजाए संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की है। संघ प्रमुख ने कहा कि अलग दिखते हैं, इसलिए अलग हैं, यह भाव न रहता तो देश नहीं टूटता। नागपुर में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग के कार्यक्रम में भागवत ने कहा कि कुछ संप्रदाय बाहर से आए। उनको लाने वाले जो बाहर से थे, उनके साथ हमारी लड़ाइयां हुईं, लेकिन वे बाहर वाले तो चले गए, सब अंदर वाले हैं। तो उन बाहर वालों का संबंध भुलाकर इस देश में रहना और अभी भी वहां के प्रभाव में यहां जो लोग हैं। हमें यह समझना होगा कि वे हमारे अपने हैं, यह समझ कर उनके साथ व्यवहार करना। अगर उनके सोचने में कोई कमी है, तो उनका योग्य प्रबोधन करना, हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि. पूर्व के अहंकार और बोझ के कारण हम एकजुट होने से डरते थे। हमें लगता था कि अगर हम मातृभूमि की पूजा में खुद को लगा देंगे, तो हम हमारी पहचान खो देंगे। कौन अलग पहचान चाहता है? कोई अलग-अलग पहचान नहीं है। भारत के अंदर हमारी अपनी अलग पहचान सुरक्षित है। बाहर अगर आप इस देश की पहचान से अलग चलते हैं, तो आपको सुखी जीवन जीना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी विविधता में विभाजन नहीं, बल्कि एकता है। संघ प्रमुख ने कहा कि पहले जब स्पेन से मंगोलिया तक इस्लाम फैल रहा था, तो पूरी दुनिया हमलों का सामना कर रही थी। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे लोग जागे हुए और आक्रमण करने वालों को हराया। इससे इस्लाम उनके इलाके तक सीमित रहा। अब आक्रमणकारी जा चुके हैं और यहां इस्लाम बहुत सुरक्षित है। यह यहां सदियों से शांतिपूर्ण तरीके से है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रार्थना के तरीके अलग हो सकते हैं, लेकिन हम इस देश के हैं। हमारे पूर्वज इस देश के थे। बता दें कि इस्लाम को लेकर भागवत का बयान बेहद महत्वपूर्ण है।