मणिपुर में हिंसा भड़कने से तीन लोगों की हत्या

 10 Jun 2023  421

संवाददाता/in24 न्यूज़.
मणिपुर (Manipur) के कांगपोकपी जिले के कूकी गांव में शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग महिला सहित तीन लोगों की हत्या कर दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पुलिस और इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) की वर्दी पहन रखी थी। मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह हाल ही में कहा था कि 48 घंटे से हिंसा नहीं देखी गई है। बता दें कि पिछले एक महीने से अधिक समय से जातीय संघर्षों ने मणिपुर को अशांत कर दिया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हथियारबंद लोग सुबह करीब चार बजे आए और गांव में करीब दो घंटे तक रुके रहे और गोलियां चलाई। हालांकि पुलिस ने तीन लोगों के मारे जाने और दो के घायल होने की पुष्टि की है, लेकिन उन्होंने घटना के बारे में इससे अधिक कुछ नहीं कहा है। खोकेन कांगपोकपी जिले की सीमा पर स्थित है। इंफाल पश्चिम जिले के अंतर्गत आने वाले संगाईथेल से यह गांव महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। खबर के मुताबिक, खोकेन के निवासियों ने मारे गए तीनों लोगों की पहचान 65 वर्षीय डोमखोहोई, 52 वर्षीय खाइजामंग गुइते और 40 वर्षीय जंगपाओ तौथांग के रूप में की है। गांव के निवासी और डोमखोई के छोटे भाई थोंगखुप डोंगल ने कहा कि तड़के करीब 40 लोग गांव में दाखिल हुए थे। उन्होंने बताया कि वे अरामबाई तेंगगोल के सदस्यों और पुलिस और आईआरबी की वर्दी पहने हुए थे। उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक फायरिंग चलती रही। हमने गांव खाली किया और नजदीकी सीआरपीएफ कैंप गए और उन्हें यह जानकारी दी। सीआरपीएफ और गोरखा रेजीमेंट के गांव में आने के बाद ही हमलावर निकले। वे पांच जिप्सी में आए थे। डोमखोई को गांव के उस चर्च में मार दिया गया जहां वह प्रार्थना करने गई थी। परिजन ने कहा कि दोनों आदमी साधारण किसान थे। मेरी बहन विधवा थी। इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (ITLF) ने आरोप लगाया कि यह हमला सेना की वर्दी में छिपे घाटी के विद्रोहियों द्वारा किया गया था। घटना के जवाब में जनजातीय एकता सदर हिल्स समिति ने राष्ट्रीय राजमार्ग को फिर से बंद करने का फैसला किया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छह प्राथमिकी फिर से दर्ज की है और एक डीआईजी-रैंक अधिकारी की अगुवाई में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। गौरतलब है कि मणिपुर में मेइती और कुकी के बीच जातीय हिंसा में लगभग सौ लोगों की जान चली गई थी। एसआईटी में दस अधिकारी शामिल हैं। बता  पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि मणिपुर में हिंसा करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा, उसके बावजूद हिंसक गतिविधियां पुनः शुरू हैं।