खतरनाक होता जा रहा है चक्रवाती तूफान बिपरजॉय

 12 Jun 2023  818

संवाददाता/in24 न्यूज़.

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज तेज हवाएं चल रही हैं। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (biperjoy) की वजह से देश के कई राज्यों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक केरल, कर्नाटक, गोवा, कोंकण, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में 12 जून यानी आज भारी बारिश हो सकती है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात में 12 जून से 15 जून तक तेज बारिश की संभावना है।मौसम विभाग ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, वेस्ट बंगाल में 15 जून तक तेज बारिश होगी। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 14 जून तक बारिश के साथ ओले पड़ सकते हैं। चक्रवात बिपरजॉय एक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। गुजरात समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है, जिसके मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आज एक समीक्षा बैठक बुलाई है। पीएम मोदी  आज अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। गौरतलब है कि कच्छ तट पर एंट्री की तैयारी कर रहे बिपरजॉय हाल के दशकों में भारत को प्रभावित करने वाला लंबे समय तक बने रहने वाला चक्रवात है। इसकी बड़ी वजह अरब सागर पर चक्रवात के तौर पर दस दिन बने रहना माना जा रहा है। अब कहा जा रहा है कि अरब सागर पर चक्रवाती तूफानों की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है और ये ग्लोबल वार्मिंग (Global warming) के चलते और भी ज्यादा गंभीर होते जा रहे हैं। फिलहाल  चक्रवाती तूफान बिपरजॉय से सतर्क रहने में ही समझदारी है।