सिल्क्यारा टनल में फंसे 41 मजदूर के बाहर निकलने का काउंटडाउन शुरू

 23 Nov 2023  342

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिला के सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए जारी राहत आज अपने अंतिम चरण में पहुंच गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार रात्रि से ही यहां पर मौजूद हैं। केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह भी आज उत्तरकाशी पहुंच गए। उच्च प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि सुरंग में 54 मीटर के बाद अगला पाइप लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही उसके लिए ऑगर मशीन चलाई जाएगी। यह आखिरी पाइप हो सकता है, क्योंकि अब महज लगभग छह मीटर का काम बाकी है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय विशेषज्ञों की टीमें सुरंग में फंसे श्रमिकों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए 24 घंटे काम कर रही हैं। सुरंग के बाहर एंबुलेंस के अलावा, सेना के चितुक हेलीकॉप्टर मौजूद हैं। साथ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश सहित आसपास के सभी अस्पतालों में इन मजदूरों को चिकित्सा सुविधा के लिए तैयार कर लिया गया है। बता दें कि टनल में फंसे 41 मजदूरों के बाहर आने का इंतज़ार पूरा देश कर रहा है।