संसद में सेंध के मास्टर माइंड ललित झा ने किया सरेंडर

 16 Dec 2023  70

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में कथित साजिशकर्ता ललित झा को अदालत ने शुक्रवार को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पटियाला हाउस स्थित हरदीप कौर की विशेष अदालत ने ललित को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सात दिनों की हिरासत में भेजने का आदेश दिया। ललित झा ने गुरुवार देर रात कर्तव्य पथ पुलिस थाने में सरेंडर किया था। पुलिस ने आज उसे अदालत के समक्ष पेश किया, जहां उसने ललित की 15 दिनों की हिरासत की गुहार लगाई थी। पुलिस ने अदालत के समक्ष दावा किया कि झा ने उसके समक्ष साजिशकर्ता होने का दावा किया है। उसी ने लोकसभा के भीतर और बाहर गिरफ्तार आरोपियों के लिए योजना बनाई थी। इसी अदालत ने सागर शर्मा, मनोरंजन डी, अमोल शिंदे और नीलम देवी को गुरुवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सात दिनों की हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। इन चारों आरोपियों को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में कहा कि पुलिस यह पता लगा रही है कि सभी आरोपी एक-दूसरे के संपर्क में कैसे आए। सबूत जुटाने के लिए पुलिस ललित को लेकर कई राज्यों और शहरों में जा सकती है। दरअसल, जब संसद के अंदर और बाहर उपद्रव मचाया गया तब ललित झा भी वहां मौजूद था। वो फोन से आरोपियों के वीडियो शूट कर रहा था। वो चारों आरोपियों के फोन लेकर भाग गया। जब वो सरेंडर करने पहुंचा तब उसके पास फोन नहीं मिले। सूत्रों का कहना है कि ललित ने चारों फोन जला दिया है। पुलिस पूछताछ में उसने यह बात कबूला भी है। लेकिन पुलिस आरोपियों के फोन तक पहुंचना चाहती है जिससे की यह केस जल्द से जल्द सॉल्व किया जा सके। बता दें कि संसद में 13 दिसंबर 2001 में भी हमला किया गया था।