अब भारत के यूपीआई का मॉरिशस और श्रीलंका में किया जाएगा इस्तेमाल, पीएम मोदी आज लॉन्च करेंगे सर्विस

 12 Feb 2024  219

संवाददाता/ in24 न्यूज़.  
अब भारत का यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) ग्लोबल होता जा रहा है और कई देशों ने इसे अपनाने में दिलचस्पी दिखाई है। अब इसका और विस्तार होने जा रहा है और इसके तहत मॉरीशस और श्रीलंका में भी यूजर्स यूपीआई का इस्तेमाल कर सकेंगे। पीएम मोदी आज दोपहर एक बजे दोनों देशों में इस सर्विस को लॉन्च करेंगे। विदेश मंत्रालय द्वारा रविवार को इस लॉन्च के बारे में एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए जानकारी शेयर की गई थी। श्रीलंका और मॉरिशस में UPI सर्विसेज लॉन्च होने के बाद दोनों देश के लोग अपने-अपने यहां इसका इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके अलावा भारत से मॉरीशस और श्रीलंका जाने वाले पर्यटक और वहां से भारत में आने वाले टूरिस्ट भी इसके जरिए पेमेंट कर पाएंगे। मॉरिशस में सिर्फ UPI ही नहीं, बल्कि RuPay कार्ड सर्विस भी लॉन्च की जाएगी। मॉरीशस और श्रीलंका में UPI लॉन्च इवेंट दोपहर एक बजे होगा और पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसे लॉन्च करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी के साथ श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनॉथ के साथ तीनों देशों के सेंट्रल बैंक के गवर्नर भी उपस्थित रहेंगे। बता दें कि हाल ही फ्रांस में भी UPI सर्विस शुरू की गई है। इसके जरिए एफिल टावर के टिकट बुक कराने की सुविधा भी दी जा रही है। गौरतलब है कि  श्रीलंका और मॉरीशस में होने वाली यूपीआई लॉन्चिंग से पहले भारतीय पेमेंट सिस्टम फ्रांस, सिंगापुर, यूएई, नेपाल, भूटान एक्टिव है। बता दें कि UPI के आने के बाद से ऑनलाइन ट्रांजैक्शंस में खासी तेजी देखने को मिली है। इसमें साल दर साल इजाफा हो रहा है और इसका अंदाजा NPCI के आंकड़ों को देखकर लगाया जा सकता है। इसके मुताबिक, बीते साल दिसंबर 2023 में भी UPI से 18.23 लाख करोड़ रुपए का रिकॉर्ड का लेन-देन किया गया था, जो कि इससे पिछले साल 2022 की समान अवधि की तुलना से 54 फीसदी अधिक था। यानी अब भारत के यूपीआई का डंका विश्व स्तर पर प्रभावी हो गया है।