कांग्रेस के स्थापना दिवस पर गांधी परिवार जनाधार बढ़ाएगा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश में इनदिनों कांग्रेस का मनोबल बढ़ता जा रहा है. जिस तरह महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव के बाद बीजेपी को झटका लगा है उससे कांग्रेस का जोश भी बढ़ गया है. गौरतलब है कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 28 दिसंबर को कांग्रेस के स्थापना दिवस पर एक खास कार्ययोजना बना रही है। इस दिन गांधी परिवार के तीनों दिग्गज नेता (सोनिया, राहुल व प्रियंका) कांग्रेस के जनाधार को बढ़ाने के लिए एक नया काम करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि इस दिन प्रियंका गांधी लखनऊ आ सकती हैं और नागरिकता संसोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) पर शांतिपूर्वक आंदोलन करने वालों की हौसला-अफजाई कर सकती हैं। हालांकि पदाधिकारी खुलकर जानकारी देने से मना कर रहे हैं।सूत्रों ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस में दिल्ली में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल होंगे जबकि प्रियंका गांधी लखनऊ के कार्यक्रम में शामिल होंगी। उधर कांग्रेस के निष्कासित नेता भी स्थापना दिवस जोर शोर से मनाने की तैयारी कर रहे हैं इसलिए पार्टी की ओर से इस पर भी नजर रखने का इशारा किया गया है।