जेएनयू में हुई हिंसा मुंबई में 26/11 के हमले जैसी थी : सीएम उद्धव
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दिल्ली के जेएनयू में हुई हिंसा की तुलना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई पर 26/11 के हमले से तुलना की है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जेएनयू में हुई हिंसा को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में हुई हिंसा मुंबई में 26/11 के हमले जैसी थी. उन्होंने नकाबपोश हमलावरों को लेकर कहा है कि जेएनयू में जिन्होंने हमला किया, नकाब में कौन लोग हैं. यह देश के सामने आना चाहिए. उनका कहना है कि अगर हमारे युवक युवती कैंपस में सुरक्षित नहीं हैं तो यह देश के लिए कलंक है. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को भरोसे में लेने की जरूरत है. उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के युवाओं से कहा है कि वे राज्य में पूरी तरह से सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसी किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में युवाओं में डर का माहौल है. सभी को एक साथ आकर युवाओं को भरोसे में लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि जेएनयू में हमला करने वाले लोग कायर थे. ऐसे कायरों का समर्थन नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि टीवी पर देखने के बाद जेएनयू ने 26/11 के आतंकी हमले की याद दिला दी. बता दें कि इससे पहले उद्धव ठाकरे ने जामिया विश्वविद्यालय की घटना की तुलना जालियावाला बाग से की थी. उन्होंने उस समय कहा था कि जामिया मिलिया इस्लामिया में जो हुआ, वह जलियांवाला बाग जैसा है. छात्र एक युवा बम की तरह हैं. इसलिए हम केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि वे छात्रों के साथ वैसा बर्ताव न करें, जैसा कि कर रहे हैं. इससे पहले शिवसेना ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर राष्ट्रपति से मिलने के लिए जाने वाले विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया था.