बालाकोट में कोई आतंकी नहीं मारा गया : शशि थरूर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बालाकोट में कोई आतंकवादी नहीं मारा गया. ऐसा दावा किया है कांग्रेस नेता शशि थरूर ने. गौरतलब है कि शशि थरूर ने बालाकोट एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वहां एक भी आतंकी नहीं मारा गया था. इसके लिए उन्होंने कई विदेशी मीडिया की रिपोर्ट का भी हवाला दिया. शशि थरूर ने कहा कि पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर पाकिस्तान का कोई अधिकार नहीं है. थरूर का कहना है कि पीओके पर सरकार के रुख को लेकर उनका कोई मतभेद नहीं है लेकिन जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाने के बाद सरकार ने संविधान के अनुरूप डील नहीं किया. थरूर गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि गाय के नाम पर होने वाली मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं से देश की छवि खराब हो रही है. इससे निवेशक निवेश करने से कतरा रहे हैं. बालाकोट ऑपरेशन पर सवाल उठाते हुए शशि थरूर ने कहा, कई अंतर्राष्ट्रीय माध्यमों द्वारा बताया गया है कि कोई आतंकवादी हवाई हमले में नहीं मारा गया. कई अंतर्राष्ट्रीय माध्यमों ने बालाकोट हमले की तस्वीरें प्रकाशित कर यह सबूत दिया है कि बालाकोट हवाई हमले में कोई आतंकवादी नहीं मारा गया. अगर सरकार कहती है कि बहुत प्रभावी हमला था, कई आतंकवादी मारे गये तो उनकी तरफ से भी कुछ सबूत दिखाया जाना चाहिए था.