बिजली बिल नहीं भरने से कटी गुलाम नबी आजाद की बिजली
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और डेमोक्रेटिक आजाद प्रोग्रेसिव पार्टी के मुखिया गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) के घर की बिजली (Electricity) काट दी। खबर है कि उनके घर के कनेक्शन पर एरियर बकाया था। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष रवींद्र रैना (Ravindra Raina) को भी इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। रैना ने बताया कि वह नियमित तौर पर बिल का भुगतान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय मैं राजौरी में हूं। जब मैं जम्मू लौटूंगा तो पता लगाऊंगा कि आखिर बिजली का कनेक्शन क्यों काटा गया! आजाद और रैना के अलावा कई और दिग्गज नेताओं के घर की बिजली काट दी गई है। उनमें रामबन से पूर्व विधायक और भाजपा नेता नीलम लंगेह का भी नाम शामिल है। बता दें कि ये तीनों नेता जम्मू शहर के गांधी नगर इलाके में सरकारी आवास में रहते हैं। सूत्रों ने कहा कि उनका बकाया 2 लाख रुपये से अधिक हो गया था। एक सूत्र ने कहा कि वाल्मीकि कॉलोनी में रहने वाले लोगों के घरों की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई। इस कॉलोनी के लोगों ने बिजली के बिल का भुगतान नहीं किया था। वे पड़ोसी राज्य पंजाब से आए थे और कई दशक पहले जम्मू में बस गए। इंजीनियर ने कहा कि बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। दो दिन पहले भी एक होटल की बिजली काट दी गई थी। बाद में बिल का कुछ हिस्सा भुगतान करने के बाद चालू कर दिया गया। बता दें कि देश भर में अनेक नेताओं के ऊपर आरोप लगता रहा है कि उन्होंने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया।