राज ठाकरे ने भरी हुंकार, तो निकल पड़ा मनपा का बुलडोजर !
संजय मिश्रा/in24न्यूज़/मुंबई
महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के मुखिया राज ठाकरे ने मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में अपने मन सैनिकों को संबोधित करते हुए गुड़ी पाड़वा की शुभकामनाएं दी. मनसे प्रमुख राज ठाकरे को सुनने के लिए पूरा शिवजी पार्क मैदान भीड़ से खचाखच भरा था. इस दौरान राज ठाकरे ने कई मुद्दों को लेकर अपना पक्ष रखा और मुंबईकरों को अलर्ट रहने का फरमान सुनाया. इसी दौरान मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने एक बड़ी स्क्रीन के जरिए दो चीजें प्रमुखता से लोगों को दिखाई. एक वीडियो प्रसिद्द कवि जावेद अख्तर का था, जिसमें जावेद अख्तर ने पाकिस्तान की धरती पर हिंदुस्तान की गाथा गायी, तो दूसरी तस्वीर माहिम में समुद्र के बीच गैरकानूनी तरीके बनाई गयी मजार की थी. मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फणसलकर और बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल से ख़ास तौर पर अपील की, उन्होंने कहा कि ये कौन लोग हैं जो गैरकानूनी तरीके से मजार बना कर अपना डेरा जमाए हुए हैं. इसके अलावा राज ठाकरे ने चेतावनी भरे लहजे में यह भी कहा कि यदि एक महीने के भीतर यहां कार्रवाई नहीं की गयी, तो मन सैनिक यहां बनाये गए मजार के ठीक बगल में मंदिर निर्माण करने का कार्य करेंगे. राज ठाकरे की हुंकार का असर यह दिखा कि देर रात ही मनपा प्रशासन ने गैरकानूनी तरीके से बनाये गए मजार पर कार्रवाई करने का आदेश जारी कर दिया. जिसके बाद गुड़ी पाड़वा के दूसरे दिन मनपा प्रशासन का बुलडोजर माहिम पहुंचा और गैरकानूनी तरीके से बनाये गए मजार को उध्वस्त कर दिया.