हनुमान चालीसा से खत्म होगा कोरोना : साध्वी प्रज्ञा
संवाददाता//in24 न्यूज़.
राजनीति में नेता कब किस तरह का बयान दे दे शायद इसकी कल्पना उसे भी नहीं रहती है. अयोध्या में राम मंदिर भूमिपूजन मामले पर एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने जब कहा कि राम मंदिर से कोरोना नहीं भागेगा तो सियासी तूफ़ान मच गया. अब बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा का बयान सामने आया है कि हनुमान चालीसा से कोरोना खत्म होगा. गौरतलब है कि अपने बयानों के लिए अक्सर विवादों में रहने वाली सांसद प्रज्ञा सिंह ने अपने बयान से एक बार फिर से लोगों का ध्यान खींचा है। उन्होने लोगों से अपील की है कि वो हनुमान चालीसा का पाठ करें। बता दें कि भोपाल में कोरोना महामारी के चलते इन दिनों लॉकडाउन लगा हुआ है। इस पर साध्वी प्रज्ञा सिंह ने लोगों से रोजाना पांच बार हनुमान चालीसा का पाठ करने की अपील की है। सांसद ने यह दावा किया है कि हनुमान चालीसा का एक स्वर में पाठ करते रहने से कोरोना वायरस से निजात मिल सकेगी। सांसद प्रज्ञा सिंह ने अपने संदेश में कहा कि लोग एक सुर में हनुमान चालीसा का पाठ करें। उन्होने कहा कि अगले पांच अगस्त को इस अनुष्ठान का समापन रामलला की आरती के साथ किया जाना है, उसी दिन कोरोना वायरस से मुक्ति मिल जाएगी। साध्वी के इस बयान से अब बाकी दलों की क्या प्रतिक्रिया आती है इसपर नज़रें बनी हुई हैं.