इसरो जल्द ही इंसान को स्पेस में भेजने को तैयार

 22 Feb 2024  1787

संवाददाता/ in24 न्यूज़.  
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 मिशन के बाद गगनयान मिशन की तैयारी में एक और बड़ी सफलता हासिल कर ली है। भारतीय स्पेस एजेंसी ने जानकारी दी है कि बुधवार को क्रायोजैनिक इंजन की टेस्टिंग पूरी हो गई है। खास बात है कि इसके जरिए इसरो भारतीय एस्ट्रोनॉट्स पर भेजने की तैयारी कर रहा है। इसरो ने जानकारी दी है कि सीई 20 क्रायोजैनिक इंजन अब गगनयान मिशन के लिए ह्यूमन रेटेड है। आगे जानकारी दी गई कि कड़े परीक्षण के बाद इंजन की क्षमता का पता चला है। खास बात है कि अब यह इंजन एलवीएम 3 वाहन के ऊपरी चरण को ताकत देगा। इसरो के मुताबिक, पहला मानवरहित गगनयान मिशन (जी1) 2024 के दूसरी तिमाही में पूरा हो सकता है। गौरतलब है कि गगनयान मिशन के तहत इसरो तीन सदस्यों के एक क्रू को तीन दिनों के मिशन के लिए 400 किमी के ऑर्बिट में पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। साथ ही भारतीय समुद्री क्षेत्र में उनकी सुरक्षित लैंडिंग भी इसरो के मिशन का हिस्सा है। इस मिशन का नाम संस्कृत के शब्द पर रखा गया है, जिसका मतलब आसमान तक ले जाने वाले यान होता है। खबर के मुताबिक, गगनयान प्रोजेक्ट में 9000 करोड़ रुपए का खर्च आ सकता है। अगर स्पेस एजेंसी इस मिशन में सफल हो जाती है, तो भारत मानव को अंतरिक्ष में भेजने वाले चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले सोवियत संघ, अमेरिका और चीन यह ऐतिहासिक कारनामा कर चुके हैं। इसरो के मुताबिक, मानव रेटिंग मानकों के तहत सीई 20 इंजन को योग्य बनाने के लिए चार इंजनों को अलग-अलग हालात में 39 हॉट फायरिंग टेस्ट्स से गुजरना पड़ा। यह प्रक्रिया आठ हजार 810 सेकंड तक चली। खास बात है कि योग्यता हासिल करने के लिए इंजनों को छह हजार 350 सेकंड तक इन टेस्ट्स से गुजरना जरूरी है। बता दें कि इसरो लगातार अपनी उपलब्धियों से दुनिया भर में भारत का नाम रौशन करने में सफलता पा रहा है।