रामलीला मैदान में दिल्ली के नए सीएम के शपथग्रहण की तैयारी

 18 Feb 2025  337

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली जहां हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए एक दशक से दिल्ली की सत्ता पर काबिज अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। अब फैसला सीएम यानी दिल्ली के मुखिया का होना है। भले ही अब तक मुखिया के नाम का ऐलान नहीं हुआ है। लेकिन ताजपोशी की तारीख और समय तय हो गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में बसने वाले हर दिल्ली वासी के मन में यही सवाल है कि आखिर कौन होगा उनका अगला मुख्यमंत्री और कौन उनके बेहतर भविष्य के लिए जिम्मेदारी उठाएगा। फिलहाल  दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन के लिए स्थान रामलीला मैदान को तो तय कर लिया गया है, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सहमति नहीं बन सकी है।

हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि कल को होने वाली विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम का ऐलान किया जा सकता है। मुख्यमंत्री के ऐलान से पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारियां जारी हैं। आयोजन 20 फरवरी की शाम साढ़े 4 बजे होगा। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में 3 मंच बनाए जाएंगे। एक बड़ा मंच 40×24 का होगा। वहीं, दो मंच 34×40 के होंगे। मंच पर लगभग 100 से 150 कुर्सियां लगाई जाएंगी। जबकि आम लोगों के बैठने के लिए करीब 30 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। बताया जा रहा है कि रामलीला मैदान की तरफ जाने वाले सभी रास्ते 19 फरवरी की रात से ही बंद हो जाएंगे। सिर्फ वीवीआईपी गाड़ियों को ही प्रवेश मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत 50 से ज्यादा हाई सिक्योरिटी वाले नेता भी रामलीला मैदान पहुंचेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में 20 राज्यों के मुख्यमंत्री,  सभी केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए नेताओं को बुलाया गया है। रामलीला मैदान के मंच पर शपथ ग्रहण समारोह से पहले गीत-संगीत का रंगारंग कार्यक्रम होगा जिसमे कैलाश खैर की प्रस्तुति होगी। वहीं अक्षय कुमार, विवेक ओबेरॉय, हेमा मालिनी और कैलाश खैर समेत  50 से ज्यादा फिल्मी सितारे मौजूद रहेंगे। रामलीला मैदान में प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी समेत एक दर्जन उद्योगपति भी मौजूद रहेंगे।  

इसके अलावा बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद, बाबा बागेश्वर धीरेन्द्र शास्त्री को भी शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया जा रहा है। समारोह में दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की ओर से तैनात दूसरे राज्यों से आए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी बुलाया गया है। वहीं एनडीए के घटक दलों के नेताओं, लाडली-बहनों और किसानों समेत 30 हजार अतिथियों को न्योता दिया गया है। तैयारी को लेकर एक दिन पहले ही विनोद तावड़े ने बीजेपी मुख्यालय में पदाधिकारियों की बैठक ली थी। वहीं वीरेंद्र सचदेवा, विनोद तावड़े और तरुण चुग रामलीला मैदान पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी का जायजा लिया है। वहीं यदि हम दिल्ली के नए सीएम की बात करें तो सीएम की रेस में जो सबसे आगे नाम है वह है आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से चुनावी मत देने वाले प्रवेश वर्मा, इसके अलावा दिल्ली भाजपा के महासचिव और जनकपुरी विधायक आशीष सूद के नाम की भी चर्चा है, जो केंद्रीय नेताओं के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों के लिए जाने जाते हैं।

महिला चेहरा के रूप में शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है। वहीं रोहिणी से विधायक विजेंदर गुप्ता के नाम की भी चर्चा चल रही है, जो दिल्ली बीजेपी के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रह चुके हैं। मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय भी इस रेस में शामिल हैं, जो पार्टी के एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। इसके अलावा वैश्य समुदाय से आने वाले ओर आरएसएस के एक मजबूत प्रतिनिधि जितेंद्र महाजन भी मुख्यमंत्री पद के शीर्ष दावेदारों में शामिल हैं। वहीं दूसरी महिला चेहरा के रूप में शिखा रॉय के नाम पर चर्चा चल रही है। जिन्होंने ग्रेटर कैलाश में आप के सौरभ भारद्वाज को हराकर जीत हासिल की है। बहरहाल दिल्ली के मुख्यमंत्री के भव्य शपथ ग्रहण की तैयारी चल रही है और राजधानी का अगला मुखिया कौन होगा उसका फैसला अगले 48 घंटे में हो जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी किस मुख्यमंत्री बनती है क्या प्रवेश वर्मा दिल्ली के नए मुख्यमंत्री होंगे या फिर कोई नया सरप्राइज हमें देखने को मिलेगा जैसे हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में मिला था।