Breaking News

आज शाम स्ट्रॉबेरी की तरह चमकता नज़र आएगा चांद

04 Jun, 2023 655

संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज की शाम चांद बेहद खूबसूरत दिखने वाला है। आज शाम वट पूर्णिमा का चांद (Vat Purnima Moon) जहां पूर्व दिशा में स्ट्रॉबेरी मून (Strawberry Moon) के साथ चमक रहा होगा तो पश्चिम दिशा में शुक्र (Venus) अपनी चमक बढ़ाए हुए सूर्य के साथ सबसे अधिक कोणीय दूरी पर रहेगा। अर्थात् स्ट्रॉबेरी मून आसमान में चमकते हुए वीनस का मुकाबला करता नजर आएगा। नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने इन खगोलीय पिंडों की जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिमी देशों में पूर्णिमा के इस चंद्रमा को स्ट्रॉबेरी के पकने के आरंभ होने के समय को देखते हुए स्ट्रॉबेरी मून नाम दिया गया है। कुछ देशों में इसे हॉट मून, रोज़ मून, मीड मून कहा जाता है। उन्होंने बताया कि पूर्णिमा का चांद महीने के बदलने और मौसम की जानकारी का समय बताने के लिए आकाशीय घड़ी के रूप में उपयोग किया जाता रहा है। सारिका ने बताया कि आज शाम को पश्चिमी आकाश में चमकता दिखने वाला वीनस इस साल के लिए पृथ्वी से देखने पर सूर्य से सबसे अधिक कोणीय दूरी पर पहुंचेगा। यह इस समय माइनस 4.3 के मैग्निट्यूड से चमकेगा। यह खगोलीय घटना वीनस एट ग्रेटेस्ट इलोंगेशन कहलाती है, जिसमें इसकी डिस्क का आधा भाग सूर्य के प्रकाश से चमचमाता दिखेगा। उन्होंने बताया कि वीनस कुछ दिन पहले ही क्षितिज से इसके सबसे अधिक एल्टीट्यूड 42 डिग्री पर पहुंचा है। इसके बाद भी वीनस अपनी चमक बढ़ाता रहेगा और नौ जुलाई को यह सबसे चमकदार होगा। सारिका ने बताया कि अगले साल स्ट्रॉबेरी मून 22 जून 2024 को होगा तो वहीं वीनस एट ग्रेटेस्ट इलोंगेशन की यह घटना 10 जनवरी 2025 को देखी जा सकेगी। जाहिर है चांद का ऐसा रूप देखना बेहद बड़ी बात होगी।

अन्य खबरे