Breaking News

1971 के युद्ध नायक स्क्वाड्रन लीडर परवेज जामस्जी का निधन

26 Jun, 2020 843

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
देश की सुरक्षा में लगे वीर जवानों के योदान के लिए देश सदैव गर्व करने के साथ खुद को सुरक्षित महसूस करता है. 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन करने वाले 77 वर्षीय स्क्वाड्रन लीडर परवेज रुस्तम जामस्जी का निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी उनके पारिवारिक सूत्रों ने दी। जामस्जी को 1971 की लड़ाई में उनकी वीरता के लिए वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। युद्ध में हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में अभियान को अंजाम देते समय उन्हें चोट आई थी, जिसकी वजह से वह रॉड लेकर चलते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। मुंबई के दादर क्षेत्र की पारसी कॉलोनी में रहने वाले जामस्जी का निधन गुरुवार की रात हुआ। जामस्जी कुछ समय से बीमार चल रहे थे। जामस्जी को मिले वीर चक्र से संबंधित प्रशस्ति पत्र में लिखा है कि पाकिस्तान के खिलाफ दिसंबर 1971 में अभियान के दौरान जामस्जी एक हेलीकॉप्टर इकाई के साथ फ्लाइट लेफ्टिनेंट के रूप में सेवारत थे। वह अपना हेलीकॉप्टर उड़ा रहे थे, जिस पर दो बार मशीन गन और दो बार मोर्टार से हमला किया गया। अद्भुत शौर्य और चतुराई का प्रदर्शन करते हुए वह अपने हेलीकॉप्टर को वापस ले आए। गौरतलब है कि देश के लिए अपना सर्वस्व लुटाने वाले इस वीर जवान के योगदान को देश सदैव याद रखेगा.

अन्य खबरे