सुनीता ने हटाया ‘आहूजा’ सरनेम, क्या तलाक की ओर बढ़ रहा है रिश्ता?
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा एक बार फिर चर्चा में हैं। वजह है सुनीता द्वारा अपने नाम से ‘आहूजा’ सरनेम हटाना और नाम में एक अतिरिक्त ‘S’ जोड़ना। इस मामूली से बदलाव ने सोशल मीडिया पर बड़ी हलचल मचा दी, जिससे एक बार फिर उनके तलाक की अफवाहें तूल पकड़ने लगीं।
हालांकि अब खुद सुनीता सामने आईं और उन्होंने इन सभी कयासों पर विराम लगाते हुए स्थिति को स्पष्ट किया है।
नाम बदलने की असली वजह आई सामने
एक इंटरव्यू में सुनीता ने बताया कि यह नाम में बदलाव किसी भी पारिवारिक तनाव या तलाक से जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने न्यूमरोलॉजी (अंकशास्त्र) के आधार पर यह बदलाव किया है। सुनीता ने बताया, "मैंने 'आहूजा' हटाया और नाम में एक अतिरिक्त 'S' जोड़ा ताकि मुझे नाम और शोहरत मिल सके। आखिर कौन नहीं चाहता कि उसका नाम चमके?"
एक साल पुराना फैसला, अब बन गया चर्चा का विषय
सुनीता ने बताया कि उन्होंने यह बदलाव लगभग एक साल पहले कर लिया था, लेकिन अब यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने यह भी कहा, "जब तक मेरी या गोविंदा की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आता, तब तक लोग अपने मन से अंदाजे न लगाएं। मैं आज भी एक ‘आहूजा’ हूं और जब तक जिंदा हूं, यही मेरी पहचान रहेगी।"
मजबूत है गोविंदा-सुनीता का रिश्ता
गोविंदा और सुनीता की शादी मार्च 1987 में हुई थी। दोनों दो बच्चों के माता-पिता हैं – बेटी टीना और बेटा यशवर्धन। पिछले कुछ वर्षों में उनके रिश्ते को लेकर कई बार अफवाहें सामने आईं, लेकिन हर बार सुनीता ने बेबाकी से इन्हें गलत ठहराया है। इस बार भी उन्होंने तलाक की अटकलों पर खुलकर बात की और सच्चाई सामने रख दी।