बिहार में चुनाव से पहले पार्टी में आया राम गया राम शुरू
संवाददाता/in24 न्यूज़.
चुनाव जब नजदीक आने लगते हैं तब नेताओं की सक्रियता उसी हिसाब से बढ़ने लगती है. बिहार में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इसलिए राजनेताओं का दल बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है। दल बदल का ज्यादा असर राजद और जदयू में दिख रहा है। हाल ही में लालू प्रसाद यादव के समधी समेत राजद के कई विधायक जदयू का दामन थाम चुके हैं। वहीं नीतीश सरकार में मंत्री श्याम रजक ने राजद का दामन थामा है। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव की जदयू में वापसी की खबरें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि जदयू के कई नेताओं के साथ शरद यादव की मुलाकात हो चुकी है।वहीं दूसरी तरफ शरद यादव के करीबी अजित यादव ने मीडिया मीडिया से बात करते हुए कहा कि जो भी अटकलें लगाई जा रही है वह निराधार है। फिलहाल शरद यादव के जदयू में जाने की कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि शरद यादव पिछले कुछ समय से बीमार थे। उनका दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा था। इस दौरान राजद नेताओं ने उनसे मुलाकात की थी। अब वह ठीक महसूस कर रहे हैं और पटना लौट आए हैं। साथ ही अजित यादव ने कहा कि शरद यादव अगले एक-दो दिनों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसी दौरान सारी बातें साफ की जाएगी। उधर पार्टी के प्रवक्ता राजीव रंजन शरद यादव ने कहा कि शरद समाजवादी आंदोलन के एक बड़े नेता हैं, अभी तक आधिकारिक तौर पर हमारे पास उनके पार्टी में वापस लौटने की कोई जानकारी नहीं मिली है। हालांकि इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि महागठबंधन में शरद यादव को घुटन महसूस हो रही है। ऐसे हालातों में अगर वो कोई फैसला लेते हैं तो ये सभी को चौंका देगा। बहरहाल, अभी भले इस मुद्दे पर अलग-अलग बयानबाज़ी हो रही हो, मगर इतना तय है कि चुनाव के पहले तक इस तरह की गतिविधियां जारी रहने वाली हैं.