Breaking News

मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ली पद की शपथ

13 Dec, 2023 756

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आज मध्य प्रदेश में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और दो उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित भाजपा के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। भव्य समारोह में राज्यपाल पटेल ने डॉ मोहन यादव को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उसके बाद उन दस्तावेजों पर दस्तखत किए जो शपथ के बाद उन्हें सौंपे गए। शपथ लेते ही यादव को राज्यपाल पटेल और पीएम मोदी ने बधाई दी। मुख्यमंत्री यादव ने शपथ लेते हुए मंच पर मौजूद नेताओं और अन्य लोगों के प्रति आभार जताया। वहीं दो उप-मुख्यमंत्री पद की जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने शपथ ली। ये दोनों लोग शिवराज सरकार में मंत्री रहने के साथ बड़ी जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके हैं। इस समारोह में हिस्सा लेने पीएम मोदी विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। उसके बाद हेलीकॉप्टर से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। बता दें कि शपथ के साथ ही अब मध्यप्रदेश में सरकार अपने कार्य में लग जाएगी।

अन्य खबरे