Breaking News

कनाडा में 24 वर्षीय भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या

16 Apr, 2024 1367

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारतीय मूल के 24 वर्षीय भारतीय छात्र की कनाडा में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक चिराग अंतिल मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले का निवासी था। युवक स्टडी वीजा पर कनाडा के वैंकुवर गया था। बताया जा रहा है कि वो खाना खाने के लिए अपनी कार में निकला था, उसी समय कुछ अज्ञात लोग आए और उसे गोली मारकर फरार हो गए। वैंकुवर पुलिस ने इसकी जानकारी जब उसके घरवालों को दी तो परिवार में चीख पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक का परिवार सोनीपत के सेक्टर 12 में रहता है। उसके पिता महावीर अंतिल हरियाणा सरकार के शूगर मिल विभाग से रिटायर्ड हैं। चिराग अंतिल सितंबर 2022 में एमबीए की पढ़ाई करने स्टडी वीजा पर कनाडा के वैंकुवर ब्रिटिश कोलंबिया गया था। वहां से उसने एमबीए की डिग्री हासिल की। एमबीए करने के बाद वो वर्क वीजा पर एक कंपनी में काम कर रहा था। शनिवार को उसकी अज्ञात हमलावरों ने वैंकुवर में गोली मारकर हत्या कर दी। बेटे की हत्या की खबर पाकर उसके परिवार में मातम पसर गया। चिराग अंतिल के बड़े भाई रोनित ने बताया कि चिराग से शनिवार सुबह उसकी बात सुबह हुई थी। वो बड़ा खुश नजर आ रहा था। लेकिन जब वो अपनी कार से घर से निकला तो अज्ञात लोगों ने उसकी ऑडी कार में ही गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। हमारी लगातार उस पुलिसकर्मी से फोन पर बात हुई है, जिसने हमें ये सूचना दी। हत्यारों के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। मृतक चिराग के मामा ने बताया कि मेरी कनाडा के पुलिसकर्मी से बात हुई है। वो हमें कुछ साफ तौर पर नहीं बता रहे हैं। हम लगातार उसके दोस्तों के संपर्क में हैं। उनको भी कनाडा पुलिस कुछ नहीं बता रही है। हम पीएम मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर से हम अपने बेटे के लिए इंसाफ की गुहार लगाते हैं ताकि उसका शव जल्द से जल्द भारत लाया जा सके। बता दें कि इससे पहले भी विदेशों से भारतीय मूल के लोगों की हत्या की खबरें आती रही हैं।

अन्य खबरे