जबरन वसूली के आरोप में चार पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत दर्ज
संवाददाता/in24 न्यूज़।
पुलिस विभाग में कुछ ऐसे लोग होते हैं जिनकी कारगुजारियों से पूरे डिपार्टमेंट को शर्मिंदा होना पड़ता है। नोएडा फेस-3 पुलिस ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में तैनात 4 पुलिसकर्मियों और उनकी मदद करने वाले दो अन्य लोगों के खिलाफ जबरन वसूली करने का मामला दर्ज किया है। नोएडा पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि गांव गढ़ी चौखंडी निवासी लीलू ने थाना फेस-3 पुलिस से शिकायत की है कि शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव के ही राजेंद्र यादव तथा उसके बेटे अमित यादव तथा चार पुलिसकर्मी एक गाड़ी में सवार होकर उनके घर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने लीलू और उसके भाई सलेक चंद के साथ भतीजे को गाड़ी में बैठाकर अपने साथ थाना इंदिरापुरम गाजियाबाद ले गये।प्रवक्ता ने बताया कि लीलू ने राजेंद्र से पूर्व में कुछ पैसे उधार लिए थे, जो बाद में वापस कर दिया था। इसके बाद भी राजेंद्र उनसे पैसे मांग रहा था, और दबाव बनाकर जबरन 5-5 लाख के दो चेक पर हस्ताक्षर कराकर इनको थाना इंदिरापुरम से छोड़ दिया गया। थाना इंदिरापुरम से छूटने के बाद लीलू ने अपने भाई और भतीजे के साथ मिलकर नोएडा थाना फेस 3 में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया। जिसके आधार पर राजेन्द्र यादव, अमित यादव और 4 अज्ञात पुलिस कर्मियों के खिलाफ गलत तरीके से जबरन लाने और वसूली के आरोप में आइपीसी की धारा 342, 384 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।