पूर्व भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता समेत दो लोगों के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज
संवाददाता/in24 न्यूज़.
ठाणे की एक महिला नगरसेविका ने मीरा-भायंदर के पूर्व भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता समेत दो लोगों के खिलाफ कथित तौर पर रेप का मुकदमा दर्ज करवाया है। मीरा-भायंदर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि इस मामले में संजय तरकर और मेहता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। इस घटना से जुड़ा एक अश्लील वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसके बाद मेहता ने भाजपा से इस्तीफा देते हुए राजनीति से संन्यास लेने की बात कही है। पीड़िता ने दर्ज आईआरआई में बताया कि उसके साथ दुर्व्यवहार 1999 से चल रहा था और उसके परिवार को मेहता से खतरा है। मेहता और तारकर पर भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति और जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 376 (बलात्कार) और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। नरेंद्र मेहता का अश्लील वीडियो कुछ दिनों से वायरल हो रहा है। इसे एक स्टिंग ऑपरेशन बताया जा रहा है। पीड़िता ने एक और वीडियो जारी कर मेहता से परिवार को जान-माल का खतरा बताया है।